हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस-वोटिंग: कांग्रेस ने 5 विधायकों को किया निलंबित

Cross-Voting in Haryana Rajya Sabha Elections: Congress Suspends 5 MLAs

नई दिल्ली: हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के दौरान हुई क्रॉस-वोटिंग के मामले में कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाते हुए अपने पांच विधायकों को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह द्वारा की गई, जिसे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी के बाद लागू किया गया। सभी विधायकों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया गया है।

इन विधायकों पर लगा क्रॉस-वोटिंग का आरोप
कांग्रेस ने जिन चार विधायकों पर पहले ही क्रॉस-वोटिंग का आरोप लगाया था, उनमें नारायणगढ़ से शैली चौधरी, साढौरा से रेनू बाला, पुन्हाना से मोहम्मद इलियास और हथीन से मोहम्मद इसराइल शामिल हैं। पांचवें विधायक के नाम का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है।

16 मार्च को हुआ था मतदान
हरियाणा की दो राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को वोटिंग हुई थी। इस चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार संजय भाटिया ने एक सीट आसानी से जीत ली। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी करमवीर सिंह बौध ने निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल को कड़े मुकाबले में हराकर दूसरी सीट अपने नाम की।

हुड्डा ने पहले ही दिए थे सख्त संकेत
इस विवाद पर पहले ही सख्त रुख अपनाते हुए हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा था कि क्रॉस-वोटिंग करने वाले विधायकों को नैतिक आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।

उन्होंने बताया था कि पार्टी ने आरोपित विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर एक सप्ताह में जवाब मांगा था और कार्रवाई पहले से तय थी। हुड्डा ने यह भी कहा कि ऐसे विधायकों ने न सिर्फ पार्टी, बल्कि उन मतदाताओं के विश्वास को भी ठेस पहुंचाई है, जिन्होंने उन्हें चुनकर विधानसभा भेजा था।

कांग्रेस की इस कार्रवाई के बाद हरियाणा की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और आगे भी सियासी बयानबाजी बढ़ने के आसार हैं।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment