लखनऊ: संगम नगरी प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ के दौरान अयोध्या और वाराणसी में भी श्रद्धालुओं का तांता लग गया है। अयोध्या में भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने 25 किलोमीटर पहले से गाड़ियों की एंट्री बंद कर दी है। सोमवार सुबह से ही शहर की स्थिति बिगड़ने लगी है, और प्रमुख धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाली सड़कें राम मंदिर, जन्मभूमि पथ और हनुमान गढ़ी तक खचाखच भर चुकी हैं। भीड़ ने कई बैरिकेड्स भी तोड़ दिए हैं, जिससे यातायात में दिक्कतें आ रही हैं।
अयोध्या में भारी भीड़ और संकरे रास्ते
राम मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए अयोध्या के बुनियादी ढांचे में सुधार की कोशिशों के बावजूद, शहर की संकरी गलियां भीड़-भाड़ से पटी हुई हैं। तीर्थयात्रियों के कारण शहर में घूमना लगभग असंभव हो गया है। श्रद्धालुओं ने कई प्रमुख मार्गों को अवरुद्ध कर दिया है, जिससे स्थिति और खराब हो गई है।
65 लाख श्रद्धालुओं का आना
अयोध्या में 96 घंटों के भीतर लगभग 65 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। इस भारी भीड़ के प्रबंधन के लिए वरिष्ठ अधिकारियों ने रात भर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी श्रद्धा के साथ प्रयागराज से सीधे अयोध्या पहुंचे हैं। इससे पहले गणतंत्र दिवस के मौके पर भी अयोध्या में भारी भीड़ देखी गई थी, जहां 30 घंटे में 25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए थे।
काशी में भी बढ़ी भीड़ और सुरक्षा इंतजाम
प्रयागराज के महाकुंभ के साथ-साथ काशी विश्वनाथ मंदिर में भी भारी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। वाराणसी प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। महाशिवरात्रि से पहले भीड़ बढ़ने की आशंका को देखते हुए चौराहों, गंगा घाटों और प्रमुख मंदिरों पर पुलिस तैनात की गई है और ड्रोन से निगरानी की जा रही है।
DCP काशी जोन, गौरव बंशवाल ने बताया कि बनारस में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख प्रवेश और निकास बिंदुओं को अलग-अलग चिन्हित किया गया है, ताकि लोगों की आवाजाही सुगम बनी रहे। घाटों पर पुलिस के साथ-साथ NDRF और जल पुलिस की टीमें तैनात की गई हैं। विश्वनाथ मंदिर से भदौरिया चौराहे तक कड़े इंतजाम किए गए हैं, और जिग-जैग पैटर्न में प्रवेश मार्गों को बनाया गया है ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और दर्शन की प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रहे।
(इनपुट: IANS)