दानापुर: इंदिरा आवास योजना के तहत बने जर्जर मकान की छत गिरी, एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत

Danapur: Roof of dilapidated house built under Indira Awas Yojana collapses, tragic death of 5 members of the same family

दानापुर: बिहार के दानापुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। अकिलपुर थाना क्षेत्र के मानस गांव में इंदिरा आवास योजना के तहत बने एक मकान की छत गिर जाने से एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौके पर मौत हो गई। मृतकों में एक पुरुष, एक महिला और तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। पुलिस ने सभी शवों को मलबे से निकाल लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान बबलू खान, उनकी पत्नी रौशन खातून, बेटा मोहम्मद चांद, बेटी रूकशार और सबसे छोटी बेटी चांदनी के रूप में हुई है। हादसा बीती रात उस समय हुआ जब परिवार रात का भोजन कर सोने गया था। अचानक मकान की छत भरभराकर गिर गई और पूरा परिवार मलबे के नीचे दब गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक पांचों की मौत हो चुकी थी।

बताया जा रहा है कि जिस मकान की छत गिरी, वह कई वर्ष पहले इंदिरा आवास योजना के तहत बनाया गया था। मकान काफी जर्जर हालत में था और उसकी छत में दरारें पड़ चुकी थीं। आर्थिक तंगी के कारण परिवार इसकी मरम्मत नहीं कर सका, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हो गया।

ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में ऐसे कई मकान हैं जो इसी योजना के तहत बने थे, और अब वे भी खराब हालत में हैं। इन घरों के गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

इस हृदयविदारक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है, और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सभी जर्जर मकानों की तत्काल जांच और मरम्मत की मांग की है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment