राजगीर: बिहार पुलिस एकेडमी, राजगीर में मंगलवार को 69वें बैच के प्रशिक्षु डीएसपी का पासिंग आउट समारोह आयोजित किया गया। इस बैच में कुल 19 प्रशिक्षु डीएसपी पास आउट हुए, जिनमें 5 महिला अधिकारी भी शामिल रहीं।
परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह के दौरान अभिभावकों, रिश्तेदारों और मित्रों के बीच उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। खासकर उन बेटियों के लिए सबसे ज्यादा तालियां बजीं, जिन्होंने अपनी मेहनत, लगन और काबिलियत के दम पर यह उपलब्धि हासिल की।
महिला अधिकारियों ने बढ़ाया गौरव
69वें बैच में शामिल 5 महिला प्रशिक्षु अधिकारियों ने यह साबित किया कि मेहनत और दृढ़ संकल्प के आगे कोई चुनौती बड़ी नहीं होती।
इस बैच में अभिषेक कुमार, अभिषेक राज, आनंद कुमार, अंकित कुमार, अंकित कुमार रंजन, अनुराग कुमार, भावना कुमारी, मोनिका कुमारी, नवनीत आनंद, पवन कुमार, प्रीति कुमारी, पूजा कुमारी, राजन भारती, संदीप कुमार सिंह, सर्वेश कुमार, शिवम तिवारी, सुधा राज, उज्ज्वल कुमार उपकार और विक्रमजीत सिंह शामिल रहे।
“यह वर्दी सिर्फ कपड़ा नहीं, जिम्मेदारी है”
पास आउट अधिकारियों ने अपनी सफलता को माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सहयोग को समर्पित किया। कई प्रशिक्षुओं ने कहा कि यह वर्दी केवल एक कपड़ा नहीं, बल्कि समाज सेवा और जिम्मेदारी का प्रतीक है।
उन्होंने समाज की सुरक्षा, न्याय और सेवा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प भी लिया।
समारोह के दौरान प्रशिक्षुओं के चेहरे पर सफलता की खुशी और परिवारजनों की आंखों में गर्व साफ दिखाई दे रहा था।