लखनऊ। Keshav Prasad Maurya की शनिवार को एक बड़ी दुर्घटना टल गई। कौशांबी जाते समय उनके हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आने के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का हेलीकॉप्टर लखनऊ के ला मार्ट ग्राउंड से Kaushambi के लिए उड़ान भरने वाला था। इसी दौरान हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी समस्या आ गई। स्थिति को देखते हुए पायलट ने तत्काल निर्णय लेते हुए हेलीकॉप्टर को Chaudhary Charan Singh International Airport पर आपात स्थिति में उतार दिया।
सूत्रों के मुताबिक, उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर में धुआं भरने लगा था, जिसके चलते एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। राहत की बात यह रही कि हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों द्वारा हेलीकॉप्टर की विस्तृत जांच की जा रही है।
घटना के बाद उपमुख्यमंत्री ने सड़क मार्ग से कौशांबी जाने का निर्णय लिया। उनके कार्यक्रम के अनुसार, वह सराया स्थित मां शीतला देवी अतिथि गृह में आयोजित ‘सरस महोत्सव’ के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। इसके साथ ही वे जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों से संवाद करेंगे तथा विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा और स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे।