ढाका: बांग्लादेश में लंबे समय से जारी राजनीतिक अस्थिरता के बीच अब हालात और अधिक गंभीर हो सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस जल्द ही अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो यह बांग्लादेश की राजनीति में एक और बड़ा मोड़ होगा।
शेख हसीना सरकार के पिछले साल हुए तख्तापलट के बाद से देश में स्थिरता बहाल नहीं हो सकी है। अब यूनुस के संभावित इस्तीफे से देश की राजनीतिक स्थिति और अधिक जटिल हो सकती है। एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि राजनीतिक दलों के बीच सहमति की कमी और बढ़ता तनाव, यूनुस के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करना मुश्किल बना रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, हाल के दिनों में मुहम्मद यूनुस और बांग्लादेश के सेना प्रमुख जनरल वकार-उज-जमान के बीच गंभीर मतभेद भी सामने आए हैं। सेना प्रमुख ने यूनुस को दिसंबर तक चुनाव कराने का अल्टीमेटम दिया है। ऐसे में यूनुस की स्थिति और भी दबावपूर्ण हो गई है।
नेशनल सिटिजन पार्टी के नेता निद इस्लाम ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने हाल ही में यूनुस से मुलाकात की थी। निद इस्लाम ने कहा, “हम उनके इस्तीफे की खबरें सुन रहे थे, इसलिए मैंने इस पर बातचीत के लिए उनसे मुलाकात की। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में वे अपना दायित्व नहीं निभा पा रहे हैं और इस्तीफे पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं।”
अगर यूनुस इस्तीफा देते हैं तो न केवल अंतरिम सरकार की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होंगे, बल्कि आगामी चुनावों की प्रक्रिया भी और अधिक अनिश्चित और जटिल हो जाएगी। बांग्लादेश इस समय एक नाजुक राजनीतिक मोड़ पर खड़ा है और यूनुस का अगला कदम दक्षिण एशिया की राजनीति को भी प्रभावित कर सकता है।
फिलहाल सभी की निगाहें इस पर टिकी हैं कि क्या मुहम्मद यूनुस अपने पद पर बने रहते हैं या जल्द ही एक बड़ा राजनीतिक फैसला लेते हैं।