नई दिल्ली: 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने आतंक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में स्थित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर उन्हें पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
भारतीय सेना की इस सख्त जवाबी कार्रवाई से पाकिस्तान में खलबली मच गई। बौखलाए पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों के जरिए भारत पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस सिस्टम ने इन सभी प्रयासों को नाकाम कर दिया।
इस बीच पाकिस्तान के एक सीनेटर का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सीनेटर दावा कर रहे हैं कि भारतीय वायुसेना न सिर्फ पाकिस्तान की सीमा में घुसी, बल्कि वहां के चकलाला एयरबेस को निशाना बनाकर तबाह भी किया।
वायरल वीडियो में सीनेटर कहते हैं, “भारत चकलाला एयरबेस तक आके ठोक गया, हमारा आर्मी GHQ इसके पास में ही था। कोई ये नहीं पूछ रहा कि भारत इतना अंदर तक कैसे आ गया।”
भारत की इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि आतंकी हमलों का माकूल जवाब दिया जाएगा और देश की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा। भारतीय सेना और वायुसेना की यह कार्रवाई रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।