ढाका: यूनुस ने भारत पर लगाया फर्जी खबरें फैलाने का आरोप, हिंदू हिंसा के दावे खारिज

Dhaka: Yunus accuses India of spreading fake news, rejects claims of Hindu violence

ढाका: बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने भारत पर फेक न्यूज फैलाने का गंभीर आरोप लगाकर दोनों देशों के बीच तनाव को और बढ़ा दिया है। एक साक्षात्कार में यूनुस ने कहा, “भारत की सबसे बड़ी खासियतों में से एक फर्जी खबरें फैलाना है।” उन्होंने बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हमलों की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए कहा, “कोई हिंदू विरोधी हिंसा नहीं हो रही।”

यह बयान भारत के उस रुख के विपरीत है, जो लगातार बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताता रहा है। भारतीय विदेश मंत्रालय के दिसंबर 2024 के आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल बांग्लादेश में हिंदुओं पर 2200 से अधिक हमले हुए थे। इसके अलावा, नवंबर 2024 में करीब 30,000 हिंदुओं ने यूनुस की अंतरिम सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया था।

यूनुस ने हाल ही में न्यूयॉर्क में एक कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को शरण देने के लिए भारत की परोक्ष रूप से आलोचना की थी। उन्होंने कहा, “भारत ने हसीना को शरण दी है, जिन्होंने बांग्लादेश में कई समस्याएं पैदा कीं, जिससे दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बढ़ा है।”

उल्लेखनीय है कि अगस्त 2024 में शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद बांग्लादेश में हिंसा की कई घटनाएं सामने आई थीं, जिसके बाद से भारत और बांग्लादेश के संबंधों में खटास देखी जा रही है। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी इसे ‘बर्बर’ बता चुके हैं।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment