नई दिल्ली:उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के करीब एक महीने बाद जगदीप धनखड़ सोमवार को पहली बार अपने आधिकारिक आवास से बाहर निकले। खबर है कि वह सोमवार शाम तक उपराष्ट्रपति आवास भी खाली कर देंगे। अभी तक उन्हें कोई नया सरकारी आवास आवंटित नहीं हुआ है, और इस बीच वह इंडियन नेशनल लोक दल (INLD) प्रमुख अभय सिंह चौटाला के घर में रहने जा रहे हैं।
डॉक्टर से मिलने पहली बार निकले बाहर
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, धनखड़ सोमवार को दिल्ली के धौला कुआं स्थित सेना के अस्पताल में एक डेंटिस्ट से मिलने गए थे। रिपोर्ट में एक करीबी सूत्र ने बताया, “पिछले एक महीने से वह उपराष्ट्रपति आवास में ही रह रहे थे और केवल रिश्तेदारों व मित्रों से मिल रहे थे। आज वह पहली बार डॉक्टर से मिलने के लिए बाहर निकले।”
चौटाला के घर में होंगे अस्थायी मेहमान
जानकारी के मुताबिक, धनखड़ सोमवार शाम तक उपराष्ट्रपति बंगला खाली कर देंगे और दक्षिणी दिल्ली के छतरपुर एन्क्लेव स्थित अभय सिंह चौटाला के घर में शिफ्ट हो जाएंगे। अभय सिंह चौटाला ने खुद इस बात की पुष्टि की और कहा, “हमारे पुराने पारिवारिक संबंध हैं। उन्होंने मुझसे घर नहीं मांगा था, मैंने खुद उन्हें यह प्रस्ताव दिया।” सूत्रों का कहना है कि धनखड़ का काफी सामान पहले ही वहां भेजा जा चुका है।
ध्यान दें:
जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया था। हालांकि, उस वक्त यह भी कयास लगाए गए थे कि उनके इस्तीफे का संबंध न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव को स्वीकार करने से था, जिससे वह विवादों में आ गए थे।
अब नए उपराष्ट्रपति का चुनाव 9 सितंबर को
धनखड़ के इस्तीफे के बाद भारत निर्वाचन आयोग ने उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव की घोषणा कर दी है। यह चुनाव 9 सितंबर को होगा। सत्तारूढ़ एनडीए गठबंधन ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को उम्मीदवार बनाया है, वहीं विपक्षी गठबंधन ‘INDIA’ की ओर से सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश सुदर्शन रेड्डी को मैदान में उतारा गया है।