मुजफ्फरपुर (बिहार): जिले के सकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत विशुनपुर बघनगरी पंचायत के भुट्टा चौक पर रविवार देर रात एक धार्मिक झंडा उखाड़े जाने की घटना से इलाके में तनाव फैल गया। गेट के पास काफी समय से लगे धर्म विशेष के झंडे को कुछ असामाजिक तत्वों ने उखाड़कर फेंक दिया, जिससे सोमवार सुबह स्थानीय लोगों में आक्रोश भड़क उठा।
घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी टू मनोज कुमार के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और शांति समिति के सदस्यों की मदद से उसी स्थान पर झंडे को दोबारा स्थापित कर दिया गया है।
हालांकि, दो समुदायों के लोग एकत्र होने लगे थे, जिससे हालात बिगड़ने की आशंका बन गई थी। प्रशासन की तत्परता और दोनों पक्षों के संयम से टकराव टल गया। डीएसपी मनोज कुमार ने बताया कि शांति समिति की बैठक कर सभी पक्षों से सहयोग की अपील की गई है और सभी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने का आश्वासन दिया है।
इलाके में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन तनाव बना हुआ है। एहतियात के तौर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और फ्लैग मार्च के साथ गश्त भी बढ़ा दी गई है। पुलिस ने घटना में शामिल असामाजिक तत्वों की तलाश शुरू कर दी है और कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि शांति बनाए रखें, किसी भी अफवाह या उत्तेजक गतिविधि से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध जानकारी की तुरंत सूचना पुलिस को दें। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।