गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले से इन दिनों सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक कर देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में रामनगर गांव की रहने वाली दिव्यांग बच्ची सोनी कुमारी अपने पैरों से लाचार होने के बावजूद पढ़ाई के लिए रोज करीब 2 किलोमीटर का कठिन सफर तय कर स्कूल पहुंचती दिखाई दे रही है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सोनी बिना किसी सहारे के संघर्ष करते हुए स्कूल जा रही है।
पिता के साये से महरूम इस बच्ची की मां मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पेट पाल रही है। आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने के कारण सोनी के पास व्हीलचेयर या ट्राई साइकिल जैसी बुनियादी सुविधा भी उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण उसे रोजाना बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
सिस्टम की अनदेखी के बावजूद नहीं टूटा हौसला
बताया जा रहा है कि सोनी के लिए व्हीलचेयर दिलाने को लेकर पहले भी कई बार सरकारी विभागों में आवेदन दिए गए थे, लेकिन सिस्टम की अनदेखी के कारण उसे अब तक कोई मदद नहीं मिल पाई थी। इसके बावजूद सोनी का हौसला नहीं टूटा और वह हर दिन पढ़ाई के लिए इसी तरह संघर्ष करते हुए स्कूल जाती रही।
जैसे ही सोनी का यह मार्मिक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोगों की भावनाएं उमड़ पड़ीं और रातों-रात यह बच्ची इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गई। अब देशभर से लोग इस होनहार बेटी की मदद के लिए आगे आ रहे हैं।
इनका नंबर,पता, नाम मुझे कृपया जल्द से जल्द उपलब्ध करायें 🙏 @Dist_Gopalganj https://t.co/lgkky4DF3r
— Maithili Thakur (@maithilithakur) March 11, 2026
सोनू सूद और मैथिली ठाकुर ने बढ़ाया मदद का हाथ
इस वीडियो ने कई प्रसिद्ध हस्तियों का भी ध्यान खींचा है। मशहूर लोक गायिका Maithili Thakur ने वीडियो को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा करते हुए जिला प्रशासन से बच्ची की जानकारी मांगी। बाद में उन्होंने बताया कि प्रशासनिक अधिकारी पवन कुमार सिन्हा से उनकी फोन पर बातचीत हुई है और जल्द ही सोनी को ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने का आश्वासन मिला है।
वहीं गरीबों की मदद के लिए चर्चित बॉलीवुड अभिनेता और समाजसेवी Sonu Sood ने भी इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए बच्ची का पूरा पता मांगा है। उन्होंने कहा है कि वह खुद सोनी के घर तक व्हीलचेयर पहुंचाने की व्यवस्था करेंगे।
पता भेज दीजिए,
Wheelchair घर पहुँच जाएगा। @931Samaira par DM kar dijiye. @SoodFoundation https://t.co/RfAXv05Xje— sonu sood (@SonuSood) March 11, 2026
पढ़ाई का खर्च उठाने को भी आगे आए लोग
सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो के बाद कई सामाजिक संगठन और आम लोग भी सोनी की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर @_PreetiPandey नाम की यूजर ने अपनी संस्था ‘दुलारी देवी फाउंडेशन’ की ओर से सोनी की पूरी पढ़ाई का खर्च उठाने की घोषणा की है। उन्होंने बच्ची के जज्बे को सलाम करते हुए मदद के लिए अपना संपर्क नंबर भी साझा किया है।
यह वायरल वीडियो एक बार फिर साबित करता है कि अगर सोशल मीडिया की ताकत सही दिशा में इस्तेमाल हो, तो वह किसी जरूरतमंद की जिंदगी बदलने में बड़ी भूमिका निभा सकती है।