जम्मू में नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री Farooq Abdullah पर एक शादी समारोह के दौरान फायरिंग की कोशिश का मामला सामने आया है। हालांकि राहत की बात यह रही कि गोली उन्हें नहीं लगी और सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, Farooq Abdullah एक कार्यकर्ता के परिवार में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जम्मू पहुंचे थे। इस दौरान जम्मू-कश्मीर के डिप्टी सीएम Surinder Choudhary भी उनके साथ मौजूद थे। कार्यक्रम के बीच एक व्यक्ति अचानक पीछे से उनके करीब पहुंच गया और रिवॉल्वर तानकर फायर करने की कोशिश की।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि करीब 70 वर्षीय हमलावर कमल सिंह जामवाल पीछे से आकर रिवॉल्वर तान देता है। हालांकि मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उसका हाथ पकड़ लिया, जिससे गोली हवा में चल गई और बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने दावा किया कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से Farooq Abdullah की हत्या करने की मंशा रखता था। बताया जा रहा है कि फायर करने के बाद भी वह रिवॉल्वर लेकर उनके सिर के पास तक पहुंच गया था, लेकिन सुरक्षा घेरा होने के कारण वह अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सका।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के पास कई वर्षों से लाइसेंसी हथियार है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह एक कारोबारी है और पुराने शहर में उसकी कुछ दुकानें हैं। जिस शादी समारोह में यह घटना हुई, वह नेशनल कॉन्फ्रेंस के कार्यकर्ता सुरजीत सिंह के बेटे का कार्यक्रम था और आरोपी उसी परिवार का रिश्तेदार बताया जा रहा है।