सासाराम: सोनम और राजा रघुवंशी के सनसनीखेज़ मामले की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि सासाराम से एक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आ गया है। इस बार कहानी एक भगोड़ी दुल्हन की है, जिसने फर्जी शादी रचाकर दूल्हे को न सिर्फ emotionally ठगा, बल्कि आर्थिक रूप से भी बड़ी चपत दी।
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के कैलारस निवासी मोनू राज शिवहरे ने एक दलाल के माध्यम से ढाई लाख रुपये में शादी तय की थी। लड़की का नाम बताया गया काजल कुमारी, जो बिहार के रोहतास जिले के तिलौथू की रहने वाली बताई गई। शादी सासाराम के धर्मशाला मोड़ स्थित एक धर्मशाला में कराई गई, जहां फर्जी पंडित ने रस्में पूरी कीं।
टॉयलेट के बहाने भाग गई दुल्हन
शादी के कुछ ही देर बाद, दुल्हन टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर वहां से गायब हो गई। उसके बाद उसके साथ आए फर्जी चाचा, मामा और बहन भी ढाई लाख रुपये लेकर रफूचक्कर हो गए।
दूल्हा पहुंचा थाने, वायरल हुआ वीडियो
पीड़ित मोनू राज अपने भाई के साथ रोते हुए नगर थाना सासाराम पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी दी। उसने आरोप लगाया कि एक महिला पिंकी देवी, जो सासाराम के तकिया मोहल्ले में किराए पर रहती है, इस फर्जी शादी की मास्टरमाइंड है। दूल्हा पक्ष ने पैसे के लेन-देन का वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है (हालांकि इसकी पुष्टि नहीं की जा सकी है)।
पुलिस ने पकड़ी एक फर्जी चाची
पुलिस ने मामले में राजो देवी नामक एक महिला को हिरासत में लिया है, जो खुद को दुल्हन की चाची बता रही थी। पूछताछ जारी है और पुलिस का मानना है कि इस पूरे मामले के पीछे एक संगठित गैंग काम कर रहा है, जो पहले भी गरीब लड़कियों को शादी के नाम पर ठगने के धंधे में लिप्त रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
सासाराम के अनुमंडल पुलिस अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, पीड़ित दूल्हा और उसका भाई अब भी न्याय की उम्मीद में थाने के चक्कर काट रहे हैं।
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि शादी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाला गिरोह बिहार के कई इलाकों में सक्रिय है और भोले-भाले युवाओं को अपना निशाना बना रहा है।