पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव का 78वां जन्मदिन बुधवार को पूरे जोश और शाही अंदाज़ में मनाया गया। राबड़ी देवी के आवास पर सुबह से ही बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। पार्टी के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में लालू को शुभकामनाएं देने पहुंचे। हर कोई अपने साथ कोई न कोई उपहार लेकर आया था।
लालू यादव ने बेंत की कुर्सी पर बैठकर, पैर टेबल पर रखकर और हाथ में तलवार थामे लड्डू केक काटा। इस अंदाज की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं, जिसके बाद सियासी घमासान शुरू हो गया।
विरोधियों का हमला
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय आलोक ने लालू यादव पर तीखा हमला करते हुए कहा,
“लालू जी, 78 साल के होने पर बधाई। आपकी आदतें अब भी वैसी की वैसी हैं। केक भी तलवार से काटा! आपने बिहार की जनता, दलितों और पिछड़ों पर पहले तलवार चलाई और अब केक पर भी रहम नहीं। यही संस्कार आपने अपनी पार्टी और बच्चों को भी दे दिए हैं। आरजेडी में हर कोई तलवार और भाला चला रहा है। अब तो मान लीजिए, आपकी और आपकी पार्टी की आदत नहीं बदलने वाली।”
मांझी का तंज
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने भी लालू पर निशाना साधते हुए तलवार से केक काटने की तस्वीर साझा की और एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा:
“लाठी में तेल पिलवाकर समाज को बांटने वालों के व्यवहार में बदलाव आ ही नहीं सकता। आज जब सरकार में नहीं हैं तो साहेब तलवार से केक काट रहे हैं, कल गलती से बेटवा कुछ बन गया तो AK-47 से केक उड़ाया जाएगा। खैर, जन्मदिन की बधाई @laluprasadrjd जी।”
लाठी में तेल पिलवाकर समाज को बांटने वालों के व्यवहार में बदलाव आ ही नहीं सकता।
“आज जब सरकार में नहीं हैं तो साहेब तलवार से केक काट रहें हैं,गलती से बेटवा कुछ बन गया तो AK-47 से केक को उड़ाया जाएगा”
है ना लालू जी।
खैर जन्मदिन की बधाई @laluprasadrjd जी। pic.twitter.com/IOPgC6DKnu— Jitan Ram Manjhi (@jitanrmanjhi) June 11, 2025
हालांकि, राजद की ओर से इन बयानों पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन यह तय है कि लालू यादव का जन्मदिन एक बार फिर बिहार की सियासत में चर्चा का केंद्र बन गया है – कुछ के लिए जश्न, तो कुछ के लिए विवाद का कारण।