ईडी की बड़ी कार्रवाई: 1एक्सबेट सट्टेबाजी मामले में युवराज सिंह, सोनू सूद समेत कई हस्तियों की 7.93 करोड़ की संपत्ति कुर्क

ED takes major action: Assets worth ₹7.93 crore belonging to Yuvraj Singh, Sonu Sood, and several other celebrities seized in 1xBet betting case.

नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म ‘1एक्सबेट’ से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में शुक्रवार को बड़ा एक्शन लिया। एजेंसी ने पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा, अभिनेता सोनू सूद, अभिनेत्री नेहा शर्मा, मॉडल उर्वशी रौतेला (उनकी मां के नाम पर), पूर्व टीएमसी सांसद और अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती तथा बंगाली अभिनेता अंकुश हाजरा की चल-अचल संपत्तियों को कुर्क कर लिया है। इन संपत्तियों की कुल कीमत करीब 7.93 करोड़ रुपये है।

यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की गई है। ईडी की जांच में पाया गया कि ये हस्तियां जानबूझकर विदेशी संस्थाओं के साथ समझौते करके ‘1एक्सबेट’ और उसके सरोगेट ब्रांड्स (जैसे 1एक्सबैट) का प्रचार कर रही थीं। प्रचार के बदले मिले भुगतान विदेशी चैनलों के जरिए रूट किए गए थे, ताकि अवैध सट्टेबाजी से अर्जित ‘क्राइम की कमाई’ का स्रोत छिपाया जा सके।

कुर्क की गई संपत्तियों का विवरण:

1. युवराज सिंह: करीब 2.5 करोड़ रुपये
2. सोनू सूद: करीब 1 करोड़ रुपये
3. नेहा शर्मा: करीब 1.26 करोड़ रुपये
4. उर्वशी रौतेला की मां: करीब 2.02 करोड़ रुपये
5. रॉबिन उथप्पा: करीब 8.26 लाख रुपये
6. मिमी चक्रवर्ती: करीब 59 लाख रुपये
7. अंकुश हाजरा: करीब 47 लाख रुपये

कुराकाओ में पंजीकृत ‘1एक्सबेट’ भारत में बिना वैध अनुमति के संचालित हो रहा था। यह प्लेटफॉर्म सोशल मीडिया, ऑनलाइन विज्ञापनों और प्रिंट मीडिया के जरिए भारतीय यूजर्स को टारगेट कर रहा था। ईडी का अनुमान है कि इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की राशि 1,000 करोड़ रुपये से अधिक है।

इससे पहले एजेंसी ने इसी मामले में पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन (4.55 करोड़) और सुरेश रैना (6.64 करोड़) की संपत्तियां कुर्क की थीं। अब तक कुल कुर्क संपत्ति की कीमत करीब 19.07 करोड़ रुपये हो गई है। जांच में सामने आया है कि ये सेलेब्रिटीज प्लेटफॉर्म की अवैधता जानते हुए भी प्रचार कर रहे थे।

ईडी ने चेतावनी दी है कि अवैध सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं और मनी लॉन्ड्रिंग का माध्यम बनते हैं। सेलेब्रिटीज और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को ऐसे प्लेटफॉर्म्स का प्रचार करने से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि यह दंडनीय अपराध है। जांच जारी है और आगे भी कार्रवाई संभव है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment