दक्षिण दिनाजपुर में चुनावी हिंसा: बीजेपी प्रत्याशी पर भीड़ का हमला, जान बचाकर भागे

Election Violence in South Dinajpur: BJP Candidate Attacked by Mob; Flees to Save Life

दक्षिण दिनाजपुर: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दौरान हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। मुर्शिदाबाद के बाद अब दक्षिण दिनाजपुर जिले के कुमारगंज से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां भीड़ ने बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु सरकार पर सरेआम हमला कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि प्रत्याशी को अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागना पड़ा। घटना का एक भयावह वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक पुलिसकर्मी उन्हें भीड़ से बचाने की कोशिश करता दिख रहा है, लेकिन इसके बावजूद लोग पुलिस की मौजूदगी में ही मारपीट करते नजर आ रहे हैं।

पोलिंग एजेंटों को बाहर निकालने पर भड़की हिंसा
बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु सरकार ने इस हमले के पीछे टीएमसी कार्यकर्ताओं का हाथ बताया है। उनके मुताबिक, कुमारगंज विधानसभा क्षेत्र के 8 से 10 पोलिंग स्टेशनों से बीजेपी के एजेंटों को जबरन बाहर निकाल दिया गया था। इसकी सूचना मिलने पर वे खुद मौके पर पहुंचे और हस्तक्षेप करते हुए अपने एजेंटों को दोबारा अंदर भिजवाया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उन पर अचानक हमला कर दिया।

गाड़ी में तोड़फोड़, चुनाव आयोग सख्त
इस हमले में प्रत्याशी घायल हो गए और उपद्रवियों ने उनकी गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस और सुरक्षाकर्मियों को उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद चुनाव आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं, साथ ही स्थानीय प्रशासन से पूरी घटना की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment