हर घर तिरंगा: अमित शाह ने अपने आवास पर फहराया तिरंगा, जन-भागीदारी से देश में उमड़ा राष्ट्रभक्ति का जज़्बा

Every home tricolor: Amit Shah hoisted the tricolor at his residence, people's participation increased the spirit of patriotism in the country

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उनके साथ उनकी पत्नी भी मौजूद रहीं। यह अभियान भारत सरकार द्वारा 13 से 15 अगस्त के बीच देशवासियों को अपने घरों और कार्यस्थलों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर तिरंगा फहराते हुए तस्वीरें साझा कीं और लिखा,

“आज ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत अपने आवास पर तिरंगा फहराया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ यह अभियान आज देश को एकता के सूत्र में पिरोने और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रबल करने वाला एक जन-अभियान बन गया है। यह दर्शाता है कि जिन स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने त्याग और बलिदान से आज़ादी दिलाई, उस भारत को विकसित और श्रेष्ठ बनाने के लिए आज 140 करोड़ देशवासी संकल्पित हैं।”

इस अभियान के तहत देशभर में लोग उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। इसी क्रम में दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद ने अपने विधानसभा क्षेत्र जनकपुरी में एक तिरंगा यात्रा निकाली, जो सी-1 ब्लॉक से डाबरी चौराहे तक चली। इस यात्रा में सांसद कमलजीत सहरावत और विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए।

इस वर्ष के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को “स्वच्छता ही सेवा है” पहल से भी जोड़ा गया है, ताकि लोगों में न सिर्फ देशभक्ति बल्कि स्वच्छता और नागरिक जिम्मेदारी की भावना भी जागृत हो।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों से इस अभियान में भाग लेने और अपनी तिरंगा सेल्फी ‘हर घर तिरंगा’ वेबसाइट पर साझा करने की अपील की है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment