नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच सोशल मीडिया पर फेक न्यूज की बाढ़ आ गई है। इन अफवाहों से जनता में भ्रम फैल रहा है और तनाव और बढ़ सकता है। इन भ्रामक खबरों की पहचान कर उन्हें बेनकाब करने का काम पीआईबी फैक्ट चेक कर रहा है।
हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि भारत-पाकिस्तान तनाव के कारण भारतीय सैनिक रोते हुए अपने पद छोड़ रहे हैं। पीआईबी फैक्ट चेक ने इस दावे को फर्जी करार दिया है और स्पष्ट किया कि वीडियो में दिख रहे युवक इंदौर फिजिकल अकादमी के छात्र हैं, जो सेना में चयनित होने पर भावुक हो गए थे।
एक अन्य फेक न्यूज में दावा किया गया कि भारत की एक पोस्ट को तबाह कर दिया गया है। लेकिन जांच में पाया गया कि यह वीडियो 15 नवंबर, 2020 का है और वर्तमान हालात से इसका कोई लेना-देना नहीं है।
इसी तरह, श्रीनगर एयरपोर्ट के पास धमाकों की खबर भी झूठी निकली। यह दावा अल जज़ीरा की एक रिपोर्ट में किया गया था, लेकिन पीआईबी ने इसे निराधार बताते हुए लोगों से आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।
जयपुर एयरपोर्ट पर धमाके की खबर भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, जिसे बाद में डीसी जयपुर ने खारिज करते हुए एयरपोर्ट को पूरी तरह सुरक्षित बताया।
इसके अलावा, एक वीडियो में यह झूठा दावा किया गया कि भारत ने पाकिस्तान के ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर ड्रोन हमला किया है। पीआईबी फैक्ट चेक ने इस अफवाह को खारिज करते हुए कहा कि यह कंटेंट सांप्रदायिक तनाव फैलाने की मंशा से बनाया गया है।
सोशल मीडिया पर यह भी अफवाह फैलाई गई कि पाकिस्तान के हमले के चलते भारत के 70% इलेक्ट्रिक ग्रिड बंद हो गए हैं। यह दावा भी पूरी तरह झूठा पाया गया है।
पीआईबी फैक्ट चेक लगातार अपील कर रहा है कि भारत-पाकिस्तान तनाव से जुड़ी किसी भी असत्यापित जानकारी को न फैलाएं और न ही उस पर भरोसा करें। संयम बनाए रखें और सिर्फ आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही यकीन करें।