समस्तीपुर: जिले के नगर थाना क्षेत्र के बारह पत्थर में एक बार फिर बेखौफ बदमाशों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। बदमाशों ने भारत फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से 7 लाख रुपये लूट लिए, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, भारत माइक्रो फाइनेंस का कर्मचारी बैंक से नकदी लेकर पीएनबी की मोहनपुर शाखा में जमा करने जा रहा था। इसी दौरान दो बाइक सवार बदमाशों ने पिस्तौल की नोक पर रुपये से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि पुलिस को इस घटना की भनक तक नहीं लगी। इस वारदात ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था और कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस बदमाशों के भागने की दिशा में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के व्यावसायिक इलाकों में पुलिस गश्त की कमी के कारण अपराधी बड़ी घटनाओं को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जाते हैं। इस घटना ने पुलिस की सक्रियता पर सवालिया निशान लगा दिया है।