जिनेवा: इजरायल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने शनिवार को दावा किया कि उसके एक सटीक हवाई हमले में ईरान के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी सईद इजादी और कुद्स फोर्स के हथियार परिवहन इकाई के प्रमुख बेहनाम शाहरियारी की पश्चिमी ईरान में मौत हो गई है। यह हमला दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच हुआ है।
दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अमेरिका इजरायल के साथ युद्ध में प्रत्यक्ष रूप से शामिल होता है, तो यह “पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत खतरनाक” होगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की भागीदारी “बहुत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति” पैदा कर सकती है।
अरागची का यह बयान उस समय आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस संघर्ष में सैन्य हस्तक्षेप पर विचार कर रहे हैं। जिनेवा में यूरोपीय देशों और ईरान के बीच चार घंटे चली कूटनीतिक वार्ता के बाद लौटते हुए इस्तांबुल में पत्रकारों से बातचीत में अरागची ने कहा, “ईरान बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन जब तक इजरायल के हमले जारी हैं, अमेरिका के साथ किसी प्रकार की वार्ता में हमारी कोई रुचि नहीं है।”
गौरतलब है कि जिनेवा में यूरोपीय मंत्रियों और ईरानी प्रतिनिधियों के बीच शुक्रवार को तनाव कम करने के उद्देश्य से लंबी वार्ता हुई, मगर यह किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। वार्ता विफल रही और क्षेत्र में शांति स्थापना की उम्मीदों को झटका लगा।
अरागची ने आगे कहा, “यदि हमले रुकते हैं और हमलावर को उसके अपराधों के लिए जिम्मेदार ठहराया जाता है, तो ईरान कूटनीतिक समाधान की दिशा में विचार करने को तैयार है।” हालांकि अभी तक आगे की वार्ता की कोई तिथि तय नहीं हुई है।
यूरोपीय अधिकारियों ने भविष्य में वार्ता की संभावनाएं जताई हैं, लेकिन मौजूदा हालात में हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं। इजरायल और ईरान के बीच बढ़ता तनाव और अमेरिका की संभावित सैन्य भागीदारी इस टकराव को और गंभीर बना सकती है।