गोवा। पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री और हमीरपुर से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर मंगलवार को गोवा में चल रहे फिडे शतरंज विश्व कप 2025 में विशेष अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने न सिर्फ 21 वर्ष बाद भारत में इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए अखिल भारतीय शतरंज महासंभ (AICF) की सराहना की, बल्कि देश को वैश्विक शतरंज महाशक्ति बनाने की दिशा में पिछले कई वर्षों से उठाए जा रहे कदमों की भी जमकर तारीफ की।
अनुराग ठाकुर ने भारतीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी और चीन के ग्रैंडमास्टर वेई यी के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबले की औपचारिक शुरुआत की।
मीडिया से बातचीत में अनुराग ठाकुर ने कहा,
“शतरंज भारत की बौद्धिक विरासत है, जिसे हमने दुनिया को दिया। यह सिर्फ खेल नहीं, रणनीति की गहराई और दार्शनिक ज्ञान का प्रतीक है। यह दिमाग को तेज करता है, धैर्य सिखाता है और जीवन में रणनीतिक सोच का महत्व समझाता है।
फिडे विश्व कप का गोवा में आयोजन दो कारणों से ऐतिहासिक है – पहला, 21 साल बाद भारत इसकी मेजबानी कर रहा है। दूसरा, अब यह ट्रॉफी महान विश्वनाथन आनंद के नाम पर है। यह आने वाली सदियों की ट्रॉफी है। आनंद ने 2000 और 2002 में इसके पहले दो संस्करण जीते थे और तीन दशकों तक भारतीय शतरंज के चेहरा रहे।
लेकिन अब तस्वीर बदल रही है। पिछले कुछ वर्षों में भारत ने ओपन और महिला दोनों शतरंज ओलंपियाड में स्वर्ण जीता। गुकेश डोमाराजू ने 2024 में विश्व चैंपियन बनकर आनंद की बराबरी कर ली। कई युवा भारतीय ग्रैंडमास्टर विश्व स्तर पर धमक पैदा कर रहे हैं।”
गोवा की मेजबानी क्षमता पर बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा,
“गोवा अब भारत में बड़े वैश्विक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बन चुका है। चाहे शतरंज विश्व कप हो या अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवॉल, गोवा ने हर बार शानदार मेजबानी की है। हाल ही में चेन्नई में शतरंज ओलंपियाड मशाल रिले का भी सफल आयोजन हुआ था।”
उन्होंने AICF अध्यक्ष नितिन नारंग के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा,
“पिछले दो सालों में AICF का सबसे बड़ा कदम रहा – 42 टॉप खिलाड़ियों को सालाना वित्तीय अनुदान देना। बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट भारत लाना, खिलाड़ियों को सहायता देना – ये कदम भारत को शतरंज का सुपरपावर बनाने की दिशा में मील का पत्थर हैं।”
2036 ओलंपिक की मेजबानी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प का जिक्र करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा,
“राष्ट्रीय महासंघ जब इस तरह के विश्व स्तरीय आयोजन करते हैं, तो यह 2036 ओलंपिक की दावेदारी को और मजबूत करता है। यह सही दिशा में उठाया गया कदम है।”
फिडे विश्व कप 2025 का आयोजन गोवा में 27 अक्टूबर से 21 नवंबर तक चल रहा है, जिसमें विश्व के टॉप ग्रैंडमास्टर हिस्सा ले रहे हैं। ट्रॉफी का नाम अब आधिकारिक रूप से “विश्वनाथन आनंद फिडे विश्व कप” रखा गया है।