मुंबई : करीब दो दशक से ‘मुन्ना भाई 3’ का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। निर्देशक राजकुमार हिरानी ने साफ कर दिया है कि यह फिल्म बंद नहीं हुई है और प्रोजेक्ट पर लगातार काम चल रहा है। फिल्म में एक बार फिर संजय दत्त ‘मुन्ना भाई’ और अरशद वारसी ‘सर्किट’ के किरदार में नजर आएंगे।
राजकुमार हिरानी ने बताया कि सबसे बड़ी चुनौती ऐसी कहानी तैयार करना है जो ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ और ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ जैसी सफल फिल्मों के स्तर को बनाए रख सके। उन्होंने कहा कि वे सिर्फ सीक्वल बनाने के लिए फिल्म नहीं बनाना चाहते, बल्कि दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतरने वाली दमदार स्क्रिप्ट चाहते हैं।
वहीं अरशद वारसी ने खुलासा किया कि ‘मुन्ना भाई 3’ के लिए तीन अलग-अलग स्क्रिप्ट्स पर काम हो चुका है, लेकिन टीम अभी भी उस कहानी की तलाश में है जो फ्रेंचाइज़ी की विरासत को आगे बढ़ा सके।
हालांकि फिल्म की शूटिंग कब शुरू होगी, इसकी कोई आधिकारिक तारीख सामने नहीं आई है, लेकिन हिरानी ने भरोसा दिलाया कि ‘मुन्ना भाई’ और ‘सर्किट’ की जोड़ी बड़े पर्दे पर जरूर लौटेगी। इस अपडेट के बाद फैंस में एक बार फिर उत्साह बढ़ गया है।