पटना: बिहार में चुनाव की तारीखों की घोषणा होते ही जिला प्रशासन ने आचार संहिता लागू होने के बाद त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला मुख्यालय पटना सहित राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर लगी सरकारी योजनाओं से संबंधित बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स को हटा दिया गया है।
चुनाव आयोग द्वारा जैसे ही चुनाव की तिथियों की घोषणा की गई, वैसे ही सभी जिलों में प्रशासन ने सरकारी प्रचार सामग्री हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। यह कार्रवाई चुनाव आचार संहिता के पालन को सुनिश्चित करने के लिए की गई है।
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि सरकारी योजनाओं, उपलब्धियों या कार्यक्रमों से संबंधित किसी भी प्रकार की प्रचार सामग्री अब सार्वजनिक स्थलों पर नहीं दिखाई देगी। यह कदम निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया को बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।
कब होगा मतदान और मतगणना?
पहला चरण मतदान: 6 नवंबर 2025 (121 सीटें)
दूसरा चरण मतदान: 11 नवंबर 2025 (122 सीटें)
मतगणना (रिजल्ट): 14 नवंबर 2025
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मुख्य बातें
कुल विधानसभा सीटें: 243
सामान्य सीटें: 203
अनुसूचित जाति (SC) सीटें: 38
अनुसूचित जनजाति (ST) सीटें: 2
कुल मतदाता: 7.43 करोड़
फर्स्ट टाइम वोटर्स: 14 लाख
निर्वाचन आयोग ने बताया कि इस बार किसी भी पोलिंग बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं होंगे। ऐसे में पोलिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाई जाएगी। हर बूथ पर वेबकास्टिंग की सुविधा होगी ताकि मतदान प्रक्रिया पर पूरी निगरानी रखी जा सके।
जिलावार मतदान
पहला चरण (6 नवंबर): पटना, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधेपुरा, सहरसा, समस्तीपुर, सीवान, गोपालगंज, सारण, वैशाली समेत कुल 121 सीटें।
दूसरा चरण (11 नवंबर): गया, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, जहानाबाद, नवादा, भागलपुर, बांका, जमुई, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, अररिया, कटिहार, किशनगंज, पूर्वी व पश्चिमी चंपारण समेत कुल 122 सीटें।
चुनाव आयोग की 17 नई पहल
बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) की ट्रेनिंग
मतदाता सूची का SIR (Systematic Information Revision)
1200 मतदाता प्रति पोलिंग स्टेशन का नियम
ईवीएम पर उम्मीदवारों की कलर फोटो और बड़े फॉन्ट
वेबकास्टिंग की अनिवार्यता
पोस्टल बैलेट की गिनती समय पर पूरी करना
VVPAT मिलान को अनिवार्य करना
डिजिटल नेटवर्क वन प्लेटफार्म का इस्तेमाल
… और अन्य व्यवस्थाएं जिससे चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और सुगम हो।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराए जाएंगे। आयोग ने सभी राजनीतिक दलों और प्रशासनिक अधिकारियों से सुझाव लेकर नई रणनीति तैयार की है।