पटना: रामनवमी को लेकर राजधानी पटना में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर शहर में 52 पूजा समितियों द्वारा भव्य शोभायात्राएं निकाली जाएंगी, जो विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए डाकबंगला स्थित श्रीराम चौक पर पहुंचेंगी। यहां सभी झांकियों का भव्य स्वागत और सम्मान किया जाएगा।
नितिन नवीन करेंगे सम्मान, अरुण गोविल की मौजूदगी खास
इस आयोजन में नितिन नवीन बतौर मुख्य संयोजक शामिल होंगे और शोभायात्रा में भाग लेने वाले 52 समूहों को सम्मानित करेंगे। खास बात यह है कि टीवी सीरियल रामायण में भगवान राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल भी इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
डाकबंगला चौराहा बनेगा आकर्षण का केंद्र
डाकबंगला स्थित श्रीराम चौक को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। यहां ड्रोन के जरिए फूलों की बारिश की जाएगी और भव्य झांकियों का प्रदर्शन होगा। आयोजन में बिहार के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री मनोज तिवारी सहित कई गणमान्य लोग शामिल होंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। शहर के हर इलाके में पुलिस बल की तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए पूरे आयोजन पर नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।
2010 से शुरू हुआ सफर, अब 52 यात्राओं तक पहुंचा
नितिन नवीन ने बताया कि वर्ष 2010 में इस आयोजन की शुरुआत महज 8 शोभायात्राओं के साथ हुई थी, जो अब बढ़कर 52 तक पहुंच गई है। पूरे पटना शहर को महावीर ध्वजों से सजाया गया है और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है।
देशभर के कलाकार करेंगे प्रस्तुति
शोभायात्रा में वाराणसी, वृंदावन, झारखंड और पश्चिम बंगाल से आए कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। यह आयोजन शुक्रवार शाम 5:30 बजे डाकबंगला चौराहा पर शुरू होगा, जिसमें लाखों रामभक्तों के शामिल होने की उम्मीद है।
रामनवमी पर देशभर में उत्साह
नितिन नवीन ने सभी पटनावासियों से इस भव्य आयोजन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह रामनवमी उत्सव एक नया इतिहास रचेगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पूरे देश में रामनवमी को लेकर जबरदस्त उत्साह है और हर जगह श्रद्धा और भक्ति के साथ यह पर्व मनाया जा रहा है।