हाजीपुर/वैशाली: ऐतिहासिक वैशाली महोत्सव को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन से पहले वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह और पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंच, सुरक्षा, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
करीब एक दशक के बाद इस बार वैशाली महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री पद छोड़ने से कुछ दिन पहले वे इस ऐतिहासिक महोत्सव का उद्घाटन करने वैशाली पहुंचेंगे, जिसे लेकर प्रशासन और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है।
यह तीन दिवसीय वैशाली महोत्सव 31 मार्च से शुरू होगा, जिसमें देश के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम में बॉलीवुड के मशहूर गायक उदित नारायण, लोकगायिका कल्पना पटवारी और भजन सम्राट अनूप जलोटा जैसे दिग्गज कलाकारों के शामिल होने की पुष्टि हुई है।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। डीएम वर्षा सिंह ने कहा कि महोत्सव को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं एसपी विक्रम सिहाग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए।
वैशाली महोत्सव को लेकर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया है और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।