नीति आयोग की 10वीं बैठक: PM मोदी ने कहा – ‘विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब सभी राज्य मिलकर आगे बढ़ें’

10th meeting of NITI Aayog: PM Modi said - 'The dream of a developed India will be realised only when all the states move forward together'

नई दिल्ली: शनिवार को नई दिल्ली में नीति आयोग की 10वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के समग्र विकास पर बल देते हुए कहा कि हमें विकास की रफ्तार को और तेज करना होगा। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र और सभी राज्य ‘टीम इंडिया’ की भावना के साथ मिलकर कार्य करें, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “विकसित भारत हर भारतीय का सपना है। जब तक हर राज्य विकसित नहीं होगा, तब तक देश का पूर्ण विकास संभव नहीं है। यह 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षा है, जिसे साकार करने के लिए हमें मिलकर प्रयास करना होगा।”

इस बैठक की थीम “विकसित राज्य के लिए विकसित भारत @2047” रखी गई थी। इसका उद्देश्य अगले 25 वर्षों में भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में केंद्र और राज्य सरकारों के बीच रणनीतिक संवाद को मजबूत करना है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समयबद्ध लक्ष्यों के साथ स्थानीय स्तर पर समावेशी विकास के लिए विशेष दस्तावेज तैयार किए जाएंगे।

हालांकि, इस महत्वपूर्ण बैठक में पांच राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल नहीं हुए, जिससे राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment