साल के अंतिम दिन मुख्यमंत्री से लेकर कैबिनेट के सभी मंत्री अपनी संपत्ति का विवरण सार्वजनिक करते हैं। इसी क्रम में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने भी अपनी संपत्ति का ब्योरा साझा किया है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति की पूरी तस्वीर सामने आई है। घोषित विवरण के अनुसार, मंगल पांडेय के पास पटना से लेकर दिल्ली तक फ्लैट हैं और बैंक खातों में भी बड़ी रकम जमा है।
एक बैंक खाते में एक करोड़ से अधिक जमा
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के पास नकद, सोना-चांदी, वाहन और हथियार तक शामिल हैं। उनके नाम पर कुल चल संपत्ति 1 करोड़ 32 लाख 16 हजार 075 रुपये की है। इसमें 52 हजार रुपये की राइफल, 240 ग्राम सोना और टाटा सफारी गाड़ी शामिल है।
बैंक खातों की बात करें तो पटना स्थित एसबीआई खाते में 1 करोड़ 1 लाख 66 हजार 660 रुपये जमा हैं, जबकि पीएनबी आर.के. एवेन्यू शाखा के खाते में 18 लाख 83 हजार 415 रुपये 18 पैसे मौजूद हैं। इसके अलावा उनके पास 59 हजार रुपये नकद भी हैं।
पत्नी के नाम पर सोना-चांदी और कंपनी
स्वास्थ्य मंत्री की पत्नी के नाम पर 680 ग्राम सोना और 7 किलो चांदी दर्ज है। इसके साथ ही पत्नी के नाम पर M/S Panday Scientific & Sports, के.कौन, पटना नामक एक कंपनी है, जिसकी पूंजी 2 लाख 64 हजार 024 रुपये 54 पैसे है। पत्नी के नाम पर कुल चल संपत्ति 54 लाख 97 हजार 954 रुपये बताई गई है।
पटना और दिल्ली में फ्लैट
मंगल पांडेय के नाम पर दिल्ली के द्वारका सेक्टर-6 में फ्लैट संख्या ए-001 है, जो 1063 वर्ग फीट में बना है। यह फ्लैट वर्ष 2019 में खरीदा गया था, जिसकी उस समय कीमत 90 लाख रुपये थी।
इसके अलावा पटना में पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन के पास 1370 वर्ग फीट का एक फ्लैट भी उनके नाम पर है, जिसकी रजिस्ट्री 3 अक्टूबर 2024 को कराई गई थी। उस समय इसकी कीमत 47 लाख 35 हजार 550 रुपये थी। इस फ्लैट के लिए मंगल पांडेय ने 42 लाख 50 हजार 933 रुपये का लोन भी ले रखा है।