पटना: पटना और आस-पास के इलाकों में हृदय रोग से जूझ रहे मरीजों के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। अब उन्हें पटना के प्राइवेट अस्पतालों में मोटी फीस चुकाने की जरूरत नहीं है और न ही सरकारी अस्पतालों की खराब स्थिति का सामना करना पड़ेगा। दरअसल, पटना के पास बिहटा स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज अस्पताल में अब हार्ट की जटिल सर्जरी शुरू हो गई है। इस अस्पताल में हाल ही में दो जटिल ओपन हार्ट सर्जरी सफलतापूर्वक की गई, जिससे मरीजों को नया जीवन मिला।
नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ओपन हार्ट सर्जरी की शुरुआत
नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जो पटना जिले का सबसे बड़ा निजी मेडिकल कॉलेज है, अब ओपन हार्ट सर्जरी की सुविधा प्रदान कर रहा है। हाल ही में दो जटिल सर्जरी की गईं, जो पूरी तरह से सफल रही और मरीजों की जान बचाई गई।
पहली सर्जरी में 21 साल की युवती को मिली नई जिंदगी
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, पहली सर्जरी 21 साल की युवती की हुई, जिसे माइट्रल स्टेनोसिस और एओर्टिक रिगर्जिटेशन जैसी गंभीर हृदय समस्याएं थीं। युवती की जान बचाने के लिए अस्पताल की CTVS विशेषज्ञों की टीम ने डबल वाल्व रिप्लेसमेंट (DVR) ऑपरेशन किया। डॉ. के.के. सिंह, डॉ. पुलक तोष, डॉ. रवि, परफ्यूजनिस्ट दत्ता और प्रीति की टीम ने इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। ऑपरेशन के बाद युवती की हृदय गति सामान्य हो गई और वह पूरी तरह स्वस्थ हो गई है।
दूसरी सर्जरी में 62 वर्षीय महिला की जान बचाई
अस्पताल में दूसरी सर्जरी 62 वर्षीय महिला की हुई, जो डबल वेसल डिजीज (दो धमनियों में गंभीर रुकावट) से जूझ रही थीं। उनके लिए कोरोनरी आर्टरी बायपास ग्राफ्टिंग (CABG – ऑफ पंप) की गई, जिससे उनकी हृदय की रक्त आपूर्ति फिर से सामान्य हो गई। सर्जरी के बाद वह भी पूरी तरह से स्वस्थ हैं।
नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मिशन: बेहतर इलाज और नई आशा
नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज अस्पताल के प्रबंध निदेशक कृष्णा मुरारी ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य गरीब मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराना है। उन्होंने बताया कि यह सफल सर्जरी अस्पताल की उन्नत चिकित्सा तकनीकों और अनुभवी हृदय रोग विशेषज्ञों की क्षमता को प्रदर्शित करती है। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल का मिशन केवल इलाज नहीं है, बल्कि मरीजों को नया जीवन और एक नई आशा देना है।