मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक ने एक बार फिर दो परिवारों को गहरे शोक में डाल दिया। रघुनाथपुर स्कूल के पास एक हाई-स्पीड केटीएम बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, जिससे दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों दोस्त बाघी चौक से अपने घर लौट रहे थे। बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि अचानक नियंत्रण खो बैठी और पेड़ से भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में गुड्डू कुमार, पुत्र धर्मेंद्र सहनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऋतिक कुमार, पुत्र मुकेश साहनी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरे युवक पंकज कुमार, पुत्र लाल सहनी की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पंचायत समिति के प्रतिनिधि गौरीशंकर ने बताया कि यह हादसा बाइक की तेज रफ्तार और लापरवाही का नतीजा है। गांव में मातम का माहौल है और पीड़ित परिवारों का दुख शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।