अरवल (बिहार): बिहार के अरवल जिले के मोठा गांव में एक दूल्हे ने अपनी दुल्हन से किया हुआ वादा निभाने के लिए एक अनोखी और शानदार बारात निकाली। दूल्हे ने न तो लग्जरी गाड़ी का इस्तेमाल किया, न घोड़ी पर चढ़कर बारात लेकर पहुंचे। इसके बजाय, उन्होंने हेलीकॉप्टर से अपनी बारात दुल्हन के दरवाजे तक पहुंचाई।
यह शादी अरवल सदर थाना क्षेत्र के मोठा गांव में हुई, जहां पहली बार किसी दूल्हे ने हेलीकॉप्टर से अपनी बारात लेकर गांव में तहलका मचा दिया। जैसे ही हेलीकॉप्टर गांव के आसमान में मंडराया, सैकड़ों लोग हेलीपैड के पास एकत्र हो गए। नजारा कुछ ऐसा था जैसे चुनावी मौसम में कोई बड़ा नेता गांव में पहुंचा हो।
दुल्हन के पिता अजीत शर्मा ने बताया कि उनकी बेटी निक्की कुमारी की शादी भोजपुर जिले के चौरी थाना क्षेत्र के पुरहरा गांव निवासी अंशु कुमार से तय हुई थी, जो पेशे से एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। दूल्हे अंशु कुमार ने कहा कि दुल्हन की ख्वाहिश थी कि उनकी बारात हेलीकॉप्टर से आए, और उन्होंने यह वादा निभाया, चाहे इसके लिए लाखों रुपये क्यों न खर्च करने पड़े हों।
दुल्हन के चाचा सुरेश शर्मा ने बताया कि दूल्हा एक प्रतिष्ठित जमींदार और पढ़े-लिखे परिवार से ताल्लुक रखता है। उनकी मां वर्तमान में गांव की मुखिया हैं। उन्होंने गर्व से कहा, “हमारे लिए यह गर्व की बात है कि हमारी बच्ची ऐसे घर में जा रही है और हेलीकॉप्टर से बारात लाकर पूरे गांव और जिले का नाम रोशन किया है।”
इस अनोखी शादी ने गांव और इलाके में खासा उत्साह और चर्चा का माहौल बना दिया है। यह शादी अब स्थानीय लोगों के बीच एक बड़े चर्चे का विषय बन चुकी है।