मझौलिया-सगौली सीमा पर भीषण सड़क हादसा: पिकअप-टेंपो की टक्कर में चार की मौत, चार गंभीर घायल

Horrific road accident on the Majhaulia-Sagauli border: Four dead, four critically injured in collision between pickup truck and tempo.

बेतिया/मझौलिया (चौथी वाणी)। पश्चिम चंपारण और पूर्वी चंपारण की सीमा पर छपवा-बेतिया मुख्य मार्ग स्थित सगौली थाना क्षेत्र के नयका टोला गांव के समीप बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सवारियों से भरा एक टेंपो मोतिहारी से बेतिया की ओर आ रहा था। इसी दौरान नयका टोला के समीप सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सड़क पर पलट गए। हादसे में टेंपो सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस एवं ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चार घायलों को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया।
घायलों में केसरिया थाना क्षेत्र के बथना गांव निवासी बसीर खान के पुत्र चांद खान (32), बेतिया नया टोला निवासी अफरोज खान की पुत्री रिफत परवीन (20), शकील खान की पुत्री मन्नत परवीन (12) तथा तीन लालटेन चौक निवासी मैनेजर शर्मा के पुत्र शंकर कुमार शर्मा (35) शामिल हैं।
वहीं इस हादसे में नया टोला इंदिरा चौक निवासी बच्चा खान की पुत्री आयशा खातून (22), शकील खान की पत्नी रुबीना खातून (25), शकील खान के पुत्र जायद खान तथा टेंपो चालक छगराहा वृत्ता टोला निवासी शंकर राउत के पुत्र भैरो राउत (42) की मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद सड़क पर दोनों वाहन पलट जाने से राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
सगौली थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया गया है। मृतकों एवं घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment