दक्षिण 24 परगना: पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। इसी कड़ी में दक्षिण 24 परगना जिले से एक बड़ी और चौंकाने वाली बरामदगी सामने आई है। पुलिस के विशेष तलाशी अभियान के दौरान 84 देसी बम और एक राइफल बरामद की गई है।
यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। तलाशी के दौरान एक तालाब से राइफल मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बिजयगंज बाजार थाना पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों को किस उद्देश्य से जमा किया गया था और इसके पीछे किन लोगों का हाथ है।
दो चरणों में होंगे विधानसभा चुनाव
पश्चिम बंगाल में इस बार विधानसभा चुनाव दो चरणों में आयोजित किए जाएंगे। राज्य में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि 4 मई को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। गौरतलब है कि 2021 के विधानसभा चुनाव आठ चरणों में आयोजित हुए थे, लेकिन इस बार चरणों की संख्या घटाकर दो कर दी गई है।
मतदाता सूची में बड़ा बदलाव
इस चुनाव में मतदाता सूची में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। विशेष पुनरीक्षण (SIR) के बाद करीब 63 लाख 66 हजार नाम अंतिम सूची से हटाए गए हैं, जबकि लगभग 60.6 लाख मतदाता अभी भी जांच के दायरे में हैं।
टीएमसी और बीजेपी के बीच मुख्य मुकाबला
राज्य की राजनीति में इस बार भी मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच माना जा रहा है। टीएमसी एक बार फिर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में चुनाव मैदान में उतरी है, जो 2011 से राज्य की सत्ता संभाल रही हैं। वहीं, बीजेपी ने अभी तक मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। इसके अलावा हुमायूं कबीर जैसे नेता भी इस चुनाव में नए समीकरण बना सकते हैं, जिससे मुकाबला और अधिक दिलचस्प होने की संभावना है।