नई दिल्ली: संसद का बजट सत्र आज से जारी है। दो दिन के अवकाश के बाद आज लोकसभा और राज्यसभा में कर्नाटक के मुस्लिम आरक्षण पर भारी हंगामा हुआ। संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू होते ही ट्रेजरी बेंच के सदस्यों ने कर्नाटक के मुस्लिम आरक्षण को लेकर विपक्ष पर हल्ला बोल दिया। हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे और राज्यसभा की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।
जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर किया संविधान उल्लंघन का आरोप
राज्यसभा में नेता सदन जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी, जो संविधान की रक्षक बनने का दावा करती है, ने बाबा साहब अंबेडकर के सिद्धांतों का उल्लंघन किया है। उन्होंने कहा, “बाबा साहब ने स्पष्ट कहा था कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता, लेकिन कर्नाटक सरकार ने मुस्लिम धर्म के लिए 4 फीसदी आरक्षण का प्रावधान किया है।” नड्डा ने यह भी कहा कि कर्नाटक के डिप्टी सीएम ने सदन में यह कहा था कि यदि जरूरत पड़ी तो हम संविधान को बदलेंगे, और इस पर विपक्ष के नेताओं को जवाब देना चाहिए।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने संविधान की रक्षा का दावा किया
विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने इसका जवाब देते हुए कहा, “बाबा साहब ने देश का संविधान बनाया, और इसे कोई बदल नहीं सकता।” उन्होंने यह भी कहा कि “हमने भारत जोड़ो यात्रा निकाली है ताकि संविधान की रक्षा की जा सके, और किसी ने यह नहीं कहा कि हम संविधान बदलने जा रहे हैं।”
किरण रिजिजू ने कांग्रेस पर हमला किया
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने मुस्लिम लीग की पॉलिसी को लागू कर बाबा साहब अंबेडकर का अपमान किया है। उन्होंने कर्नाटक के डिप्टी सीएम के सदन में दिए गए बयान का जिक्र किया और कांग्रेस अध्यक्ष को कार्रवाई करने की चुनौती दी।
संसद में कर्नाटक के मुस्लिम आरक्षण को लेकर तीखी बहस जारी है और इस मुद्दे पर राजनीतिक दलों के बीच तीव्र विवाद देखा जा रहा है।