हैदराबाद: पाशमैलारम के औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह भीषण हादसा हुआ, जब सांगारेड्डी जिले में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट के साथ आग लग गई। इस हादसे में अब तक 10 मजदूरों की मौत की खबर है, जबकि 20 से अधिक मजदूर घायल हुए हैं।
यह दर्दनाक घटना सुबह करीब 9 बजे सिगाची केमिकल्स नामक इकाई में हुई, जहां विस्फोट के बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 11 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया।
पुलिस और बचाव दल ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विस्फोट इतना तेज था कि मजदूर कई मीटर दूर तक हवा में उछलकर जा गिरे और फैक्ट्री की पूरी इकाई ध्वस्त हो गई।
कारखाने में काम करने वाले अधिकांश मजदूर ओडिशा, उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों के प्रवासी बताए जा रहे हैं।
आशंका जताई जा रही है कि कुछ मजदूर मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं, जिन्हें निकालने के लिए अर्थमूवर मशीनों की मदद ली जा रही है।
घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और आसपास के कारखानों के कर्मचारी जान बचाकर बाहर भागे।
सांगारेड्डी जिला कलेक्टर पी. प्रवीण्या और पुलिस अधीक्षक परितोष पंकज मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के कर्मचारी, प्रशासनिक अमला और अन्य विभागों की टीमें राहत अभियान में जुटी हुई हैं। फिलहाल अभियान जारी है और विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।