बेतिया(चौथी वाणी) पश्चिम चंपारण के गोपालपुर थाना क्षेत्र के बड़का गोपालपुर गांव में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। आरोप है कि एक महिला ने अपनी छह माह की मासूम बेटी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने स्वयं भी आत्महत्या का प्रयास किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृत बच्ची की पहचान सुनील दास की छह माह की पुत्री पूजा कुमारी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया। घायल महिला सीमा देवी को पुलिस की निगरानी में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में प्रयुक्त हथियार भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस ने बच्ची की दादी के बयान पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, घटना के समय दादी बाजार गई थीं। लौटने पर पहले बच्ची के सोने की बात कही गई, लेकिन बाद में पूरी घटना का खुलासा हुआ। बताया जा रहा है कि महिला का पति रोजगार के सिलसिले में बाहर रहता है। वहीं, कुछ ग्रामीण महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात भी कह रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि महिला की चिकित्सकीय जांच कराई जाएगी। मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मेरे हाथों से हुई मेरी ही बेटी की हत्या…”छह माह की मासूम का गला रेतने के बाद मां का चौंकाने वाला बयान