31 साल पुराने मामले में सांसद पप्पू यादव न्यायिक हिरासत में, पीएमसीएच में होगा इलाज

In a 31-year-old case, MP Pappu Yadav has been taken into judicial custody and will receive treatment at PMCH (Patna Medical College and Hospital).

पटना : पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव से जुड़ी एक बड़ी खबर पटना से सामने आ रही है। 31 साल पुराने धोखाधड़ी के मामले में अदालत ने पप्पू यादव को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। कोर्ट के निर्देश पर उन्हें पटना के बेऊर जेल भेजा गया है। हालांकि, जेल में एंट्री के बाद उनकी तबीयत को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए पीएमसीएच (पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल) लाया जाएगा, जहां पुलिस कस्टडी में उनका उपचार होगा। इस मामले की अगली सुनवाई 9 फरवरी को होगी, जिस दिन उन्हें दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।

गौरतलब है कि पटना की विशेष अदालत ने 31 साल पुराने धोखाधड़ी मामले में पप्पू यादव समेत तीन आरोपियों की गिरफ्तारी का आदेश दिया था। शुक्रवार को जैसे ही पप्पू यादव दिल्ली से पटना पहुंचे, देर शाम पुलिस की टीम मंदिरी स्थित उनके आवास पर उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची। इस दौरान उनके समर्थकों ने गिरफ्तारी का विरोध किया और पुलिस से वारंट दिखाने की मांग की।

घटनास्थल पर कई घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पप्पू यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। इसके बाद पुलिस उन्हें आईजीआईएमएस ले गई, जहां से शनिवार सुबह उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।

पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे। मंदिरी स्थित उनके आवास और आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। गिरफ्तारी के बाद उनका मेडिकल चेकअप कराया गया और चिकित्सकीय सलाह पर उन्हें पीएमसीएच में भर्ती कराया गया।

शनिवार दोपहर पप्पू यादव को पटना एमपी/एमएलए कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए जमानत की मांग की। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने उन्हें दो दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में रखते हुए पीएमसीएच में ही रखने का आदेश दिया। साथ ही कोर्ट ने सांसद की उच्च सुरक्षा निगरानी में देखरेख करने के निर्देश भी दिए।

सांसद की खराब स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखते हुए उन्हें अस्पताल में कस्टडी में रखने का फैसला लिया गया है। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी है। वहीं, पुलिस प्रशासन ने सांसद की सुरक्षा और बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment