चंडीगढ़: पंजाब के एक गांव में शादी के दौरान शराबबंदी और शोर शराबा नहीं करने के लिए अनोखी पहल की शुरुआत की गई है। यहां अगर आप शादी में शराब नहीं परोसेंगे और डीजे नहीं बजाएंगे, तो आपको 21,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह पहल पंजाब के बठिंडा जिले के बल्लो गांव में शुरू की गई है। न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, ग्राम पंचायत ने विवाह समारोह में शराब नहीं परोसने और डीजे से दूर रहने वाले परिवारों को 21,000 रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है।
फिजूलखर्ची रोकने की पहल
बल्लो गांव की सरपंच अमरजीत कौर ने बताया कि यह फैसला ग्रामीणों को विवाह समारोहों में फिजूलखर्ची और शराबखोरी से रोकने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लिया गया है। कौर ने कहा कि आमतौर पर देखा जाता है कि गांवों में विवाह समारोह के दौरान जहां शराब परोसी जाती है और तेज आवाज में संगीत बजाया जाता है, वहां झगड़े शुरू हो जाते हैं। इसके अलावा, तेज आवाज में संगीत बजाने से छात्रों की पढ़ाई में भी बाधा उत्पन्न होती है।
गांव की आबादी करीब पांच हजार
कौर ने कहा, “हम लोगों को शादी समारोहों के दौरान फिजूलखर्ची न करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहते हैं।” उन्होंने बताया कि पंचायत ने एक प्रस्ताव पारित किया है जिसके तहत यदि कोई परिवार शादी समारोह में शराब नहीं परोसता और डीजे नहीं बजाता तो उसे 21,000 रुपये दिए जाएंगे। बल्लो गांव की कुल आबादी करीब पांच हजार है।
स्टेडियम बनाने की मांग
कौर ने आगे कहा कि पंचायत ने सरकार से गांव में एक स्टेडियम बनाने की मांग की है ताकि युवाओं को खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। उन्होंने कहा, “गांव में एक स्टेडियम होना चाहिए ताकि विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा सके।” इसके साथ ही पंचायत ने गांव में बायोगैस प्लांट लगाने का भी प्रस्ताव रखा है। कौर ने कहा कि जैविक खेती करने वाले किसानों को मुफ्त बीज भी दिए जाएंगे।
(Source – PTI)