नई दिल्ली: कोविड-19 महामारी एक बार फिर सिर उठाने लगी है। एशिया के कई देशों में कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है और अब भारत में भी नए कोविड पॉजिटिव केस सामने आ रहे हैं। खासतौर पर दिल्ली से सटे गुरुग्राम, मुंबई और अहमदाबाद में नए मरीज मिले हैं।
गुरुग्राम के साइबर सिटी इलाके में कोरोना ने दस्तक दी है। यहां दो नए केस सामने आए हैं, जिनमें से एक मरीज हाल ही में मुंबई से लौटी हैं। दोनों मरीजों को फिलहाल आइसोलेशन में रखा गया है। गुरुग्राम के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) ने बताया कि दोनों में सिर्फ हल्के लक्षण हैं और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है और संक्रमण की रोकथाम के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा चुके हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि खांसी या जुखाम जैसे लक्षण नजर आने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
मुंबई और ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में भी नए कोरोना मामलों की पुष्टि हुई है। भुवनेश्वर में एक मरीज कोरोना संक्रमित पाया गया है। ओडिशा के स्वास्थ्य विभाग की आयुक्त एवं सचिव अश्वथी एस. ने बताया कि राज्य पूरी तरह से तैयार है और स्थिति नियंत्रण में है।
गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार तक चार नए केस दर्ज किए गए हैं। इनमें एक 84 वर्षीय मरीज को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि बाकी मरीज होम आइसोलेशन में हैं। मई महीने में अकेले अहमदाबाद में अब तक 38 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें 31 एक्टिव केस हैं। नगर निगम द्वारा संचालित अस्पतालों में कोविड टेस्टिंग जारी है और SVP, LG, तथा शारदाबेन अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड सक्रिय कर दिए गए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, इस बार संक्रमण बढ़ने के पीछे ओमिक्रॉन का नया JN.1 वेरिएंट जिम्मेदार है, जो तेज़ी से फैलता है और दुनियाभर में सक्रिय है।
आंध्र प्रदेश सरकार ने स्थिति को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है। इसमें 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को घर पर रहने की सलाह दी गई है। साथ ही सभी धार्मिक, सामाजिक और सार्वजनिक आयोजनों से दूर रहने की अपील की गई है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और एयरपोर्ट जैसी सार्वजनिक जगहों पर कोविड गाइडलाइंस का पालन करना अनिवार्य कर दिया गया है।
सरकारें अलर्ट पर हैं और जनता से भी सतर्क रहने की अपील की जा रही है ताकि महामारी को एक बार फिर से फैलने से रोका जा सके।