भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट कर बताया कि श्रीनगर के कई इलाकों में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं। इस बीच एएनआई की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि सीमावर्ती इलाकों में ब्लैकआउट की स्थिति बनी हुई है।
गौर करने वाली बात यह है कि पाकिस्तान की पहल पर भारत ने संघर्षविराम (सीजफायर) के लिए सहमति जताई थी, लेकिन कुछ ही घंटों में पाकिस्तान ने इसका उल्लंघन कर दिया। खबर है कि श्रीनगर में भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने पाकिस्तानी सेना के चार ड्रोन को मार गिराया है।
उमर अब्दुल्ला ने साझा किया वीडियो
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम को पाकिस्तानी ड्रोन को गिराते हुए देखा जा सकता है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “मैं भारत सरकार द्वारा संघर्षविराम की घोषणा का स्वागत करता हूं। यह पहले हो जाता तो कई अनमोल जानें बचाई जा सकती थीं।”
उन्होंने जानकारी दी कि पाकिस्तान के डीजीएमओ ने भारतीय समकक्ष को कॉल कर संघर्षविराम की बहाली पर सहमति जताई थी।
सेना की चेतावनी: हर दुस्साहस का मिलेगा जवाब
भारतीय सेना ने साफ किया है कि वह संघर्षविराम का सम्मान करेगी, लेकिन किसी भी दुस्साहस का करारा जवाब दिया जाएगा। कमोडोर रघु नायर ने कहा, “हम पूरी तरह सतर्क हैं और भारत की संप्रभुता की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाने को तैयार हैं।”
इसी बीच विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने पाकिस्तान के उस दावे को खारिज कर दिया जिसमें कहा गया था कि उसने भारत के S-400 मिसाइल बेस को नष्ट कर दिया है। उन्होंने इसे “पूरी तरह झूठा और मनगढ़ंत” बताया।