लखनऊ: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर बनी तीन किलोमीटर लंबी अत्याधुनिक एयर स्ट्रिप पर शुक्रवार को भारतीय वायुसेना की शक्ति का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। इस मौके पर राफेल, मिराज, मिग-29 और जगुआर जैसे एडवांस फाइटर जेट्स ने दिन में ‘टच एंड गो’ रिहर्सल कर अपनी ताकत और दक्षता का प्रदर्शन किया। वायुसेना के विमान रात में भी इसी तरह का अभ्यास दोहराएंगे।
इस रोमांचक प्रदर्शन को देखने के लिए 500 से अधिक स्कूली बच्चों को भी आमंत्रित किया गया था। इसके अलावा कैरियर एयरक्राफ्ट और हरक्यूलस जैसे भारी विमान भी आसमान में अपनी उड़ान का कौशल दिखाते नजर आए।
गौरतलब है कि 594 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज को जोड़ता है। इसका 464 किलोमीटर लंबा हिस्सा—बदायूं से प्रयागराज तक—अदाणी ग्रुप द्वारा विकसित किया जा रहा है। एक्सप्रेसवे के बदायूं-हरदोई, हरदोई-उन्नाव और उन्नाव-प्रयागराज खंडों में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
इस परियोजना की रणनीतिक महत्ता भी है, क्योंकि यहां से चीन और नेपाल की सीमाएं अपेक्षाकृत निकट हैं। एक्सप्रेसवे को भविष्य में छह लेन से आठ लेन तक बढ़ाया जा सकता है। यह परियोजना ‘डिज़ाइन-बिल्ड-फाइनेंस-ऑपरेट-ट्रांसफर’ मॉडल पर आधारित है और इसकी रियायत अवधि 30 वर्ष निर्धारित की गई है।
अदाणी समूह इस समय 35,000 करोड़ रुपए की लागत से देश के नौ राज्यों में फैले 13 इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहा है, जो 5,000 किलोमीटर से अधिक सड़कों के निर्माण को कवर करते हैं। गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण इस समूह की तकनीकी क्षमता और निष्पादन कौशल का एक प्रमुख उदाहरण है।