अभिनेता एजाज खान का शो ‘हाउस अरेस्ट’ विवादों में, भाजपा महिला मोर्चा ने लगाई प्रतिबंध की मांग

Actor Ajaz Khan's show 'House Arrest' in controversy, BJP Mahila Morcha demands ban

मुंबई: बिग बॉस 7 के पूर्व प्रतिभागी और अभिनेता एजाज खान अपने रियलिटी शो ‘हाउस अरेस्ट’ को लेकर विवादों में घिर गए हैं। महाराष्ट्र भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष चित्रा वाघ ने इस शो को “अश्लीलता का प्रतीक” बताते हुए उस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

चित्रा वाघ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर शो का एक आपत्तिजनक क्लिप साझा किया, जिसमें एजाज खान प्रतिभागियों से अशोभनीय और उत्तेजक संवाद करते नजर आ रहे हैं।

उन्होंने लिखा, “अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर अश्लीलता को खुली छूट देना बंद करें! ‘हाउस अरेस्ट’ जैसे शो पर तत्काल प्रतिबंध लगना चाहिए।”

चित्रा वाघ का कहना है कि यह शो केवल अश्लीलता परोसता है और समाज के सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों पर हमला करता है। उन्होंने कहा कि उल्लू ऐप पर प्रसारित हो रहा यह कंटेंट बच्चों के मोबाइल में आसानी से पहुंच रहा है, जो बेहद चिंताजनक है।

वाघ ने सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से न सिर्फ उल्लू ऐप, बल्कि सभी ऐसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर कार्रवाई करने की अपील की है, जो इस तरह की सामग्री बना और प्रसारित कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “यह शो न सिर्फ हमारी संस्कृति का अपमान करता है, बल्कि यह समाज की नैतिकता और बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को भी नुकसान पहुंचाता है।”

गौरतलब है कि एजाज खान को ‘रक्त चरित्र’, ‘अल्लाह के बंदे’ जैसी फिल्मों और ‘रहे तेरा आशीर्वाद’, ‘कहानी हमारे महाभारत की’ जैसे टेलीविजन धारावाहिकों में काम के लिए जाना जाता है। उन्होंने साल 2013 में बिग बॉस 7 में हिस्सा लिया था।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment