इंदौर: मेघालय में हुए ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड में उसकी पत्नी सोनम रघुवंशी की संलिप्तता को लेकर मेघालय पुलिस द्वारा लगाए गए आरोपों को सोनम के पिता देवी सिंह रघुवंशी ने सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने इस मामले की सीबीआई जांच की मांग दोहराई है।
इंदौर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए देवी सिंह ने कहा, “मेरी बेटी निर्दोष है। राजा और सोनम की शादी दोनों परिवारों की रज़ामंदी से हुई थी। सोनम का राजा की हत्या में कोई हाथ नहीं है। मेघालय पुलिस खुद शक के घेरे में है, इसलिए उन्होंने सोनम को फंसाने की कोशिश की है।”
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं पता कि सोनम उत्तरप्रदेश के गाजीपुर कैसे पहुंच गई।
गौरतलब है कि मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने आज सुबह सोशल मीडिया पर जानकारी दी थी कि राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में मेघालय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मध्यप्रदेश के तीन हत्यारों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक महिला ने आत्मसमर्पण किया है और एक आरोपी अब भी फरार है। पुलिस का दावा है कि हत्या में सोनम रघुवंशी खुद भी शामिल है।
राजा और सोनम की शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी, और 20 मई को दोनों हनीमून के लिए शिलांग गए थे। 3 जून को दोनों के लापता होने की खबर आई, जिसके बाद 2 जून को राजा का शव एक गहरी खाई से बरामद हुआ। वहीं, सोनम लापता थी। उसके परिजनों ने आशंका जताई थी कि उसे अगवा कर बांग्लादेश ले जाया गया है।
रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात सोनम उत्तरप्रदेश के गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र के एक ढाबे में बदहवास हालत में मिली। ढाबे से मोबाइल लेकर उसने अपने भाई को फोन किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार सोनम अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है।
इस हत्याकांड ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, और अब सीबीआई जांच की मांग और तेज़ होती जा रही है।