कुआलालंपुर: मलयेशिया के पेराक राज्य में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम 15 लोगों की जान चली गई। ईस्ट-वेस्ट हाईवे पर एक बहुउद्देशीय वाहन द्वारा छात्रों को ले जा रही एक बस को टक्कर मारे जाने से यह हादसा हुआ। अधिकारियों ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है।
मलयेशियन सिविल डिफेंस फोर्स के अनुसार, यह टक्कर स्थानीय समयानुसार सुबह 1:10 बजे हुई, जिसमें कुल 48 लोग शामिल थे। हादसे में 13 लोगों की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि दो अन्य की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई।
सरकारी समाचार एजेंसी बरनामा की रिपोर्ट के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त बस में छात्र सवार थे, जो किसी शैक्षणिक दौरे पर जा रहे थे।
प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और उच्च शिक्षा मंत्रालय को निर्देश दिया कि वह पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता मुहैया कराने के लिए समुचित समन्वय करें।
इस दर्दनाक हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य में स्थानीय प्रशासन, पुलिस व मेडिकल टीम जुटी हुई है। घायलों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में किया जा रहा है।