पटना: नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत मामले में पटना पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है, जिन्हें कंकड़बाग थाने में रखा गया है। फिलहाल दोनों से गहन पूछताछ जारी है।
वहीं दूसरी ओर, मामले से जुड़े प्रभात मेमोरियल हॉस्पिटल के डॉक्टर सतीश से एसआईटी ने पूछताछ की। इसके साथ ही अस्पताल के अन्य कर्मचारियों से भी सवाल-जवाब किए गए। एएसपी कार्यालय में पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया गया।
गौरतलब है कि इस संवेदनशील मामले की जांच के लिए सात सदस्यीय विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है, जो हर पहलू से मामले की छानबीन कर रही है। पटना के एसएसपी लगातार जांच की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं पटना आईजी जितेंद्र राणा, एसएसपी, पूर्वी एसपी और एएसपी सदर अभिनव कुमार के साथ बैठकर लगातार मामले की समीक्षा कर रहे हैं।
एसआईटी की टीम साक्ष्य जुटाने में पूरी सतर्कता बरत रही है। मृतका की ट्रैवल हिस्ट्री खंगाली जा रही है और अस्पताल से जहानाबाद तक के रूट पर विशेष रूप से जांच की जा रही है। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की भी बारीकी से जांच की जा रही है।
लगातार हो रही ताबड़तोड़ कार्रवाई से यह संकेत मिल रहे हैं कि एसआईटी जल्द ही किसी ठोस नतीजे पर पहुंच सकती है। बता दें कि पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में बीते दिनों मेडिकल छात्रा की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई थी। इस घटना ने पूरे पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित एसआईटी ने जांच में पूरी ताकत झोंक दी है। लगातार लोगों से पूछताछ की जा रही है और हर कड़ी को जोड़ने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।