जहानाबाद: हुलासगंज राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के छात्रावास में शॉर्ट सर्किट से आग, छह छात्र बेहोश

जहानाबाद जिले के हुलासगंज स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के छात्रावास में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। आग लगते ही छात्रावास परिसर में अफरा-तफरी मच गई और छात्रों में दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग छात्रावास के एक हिस्से में लगी, जिसे बुझाने के लिए छात्रों और कॉलेज कर्मियों ने तत्काल प्रयास शुरू कर दिए। आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन गैस सिलेंडर का इस्तेमाल किया गया, लेकिन धुएं और गैस के प्रभाव से कई छात्रों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, हालांकि तब तक दो से तीन छात्रों के लैपटॉप सहित अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।

आग बुझाने के दौरान अग्निशमन गैस के प्रभाव से छह छात्र बेहोश हो गए, जिन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हुलासगंज में भर्ती कराया गया। बेहोश हुए छात्रों की पहचान गुड्डू कुमार (21), सुमित कुमार (19), रौनित कुमार (22), सिकंदर कुमार (23), अभिनय कुमार (19) और शशि कुमार (22) के रूप में हुई है। सभी का इलाज चिकित्सकों द्वारा किया जा रहा है।

छात्रों की स्थिति को देखते हुए गुड्डू कुमार को बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल, जहानाबाद रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही कॉलेज प्रशासन मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित करने में जुट गया। प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा, उपचार और आवश्यक व्यवस्थाओं को तत्परता से सुनिश्चित किया।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद छात्रों ने छात्रावास में विद्युत उपकरणों की व्यापक जांच और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment