IPL 2026 बिना ओपनिंग सेरेमनी के होगा शुरू, हादसे में जान गंवाने वालों को दी जाएगी श्रद्धांजलि

IPL 2026 to Begin Without an Opening Ceremony; Tributes to be Paid to Those Who Lost Their Lives in the Tragedy.

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 को लेकर एक बड़ा और संवेदनशील फैसला लिया है। इस बार टूर्नामेंट की ओपनिंग सेरेमनी आयोजित नहीं की जाएगी। यह निर्णय पिछले साल बेंगलुरु में हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की याद में लिया गया है।

दरअसल, 4 जून 2025 को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था। अब बोर्ड ने इस त्रासदी के प्रति सम्मान जताते हुए IPL 2026 की शुरुआत सादगी के साथ करने का फैसला किया है।

बेंगलुरु में ही खेला जाएगा पहला मुकाबला
IPL 2026 का आगाज 28 मार्च से होगा। पहले ही मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। यह मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। आयोजन स्थल को देखते हुए भी उद्घाटन समारोह को टालना उचित समझा गया, ताकि माहौल सुरक्षित और संयमित बना रहे।

फाइनल से पहले हो सकती है क्लोजिंग सेरेमनी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, IPL 2026 के फाइनल (31 मई) से पहले क्लोजिंग सेरेमनी आयोजित की जा सकती है। हालांकि इस पर अंतिम फैसला जल्द लिया जाएगा।

पहले भी रद्द हो चुकी है ओपनिंग सेरेमनी
यह पहली बार नहीं है जब IPL की ओपनिंग सेरेमनी रद्द की गई हो। इससे पहले 2019 में पुलवामा आतंकी हमला में शहीद हुए 40 CRPF जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए भी समारोह नहीं किया गया था। उस समय समारोह पर खर्च होने वाली राशि शहीदों के परिवारों को दी गई थी।

पिछले सीजन IPL 2025 की ओपनिंग सेरेमनी कोलकाता में आयोजित हुई थी, जिसमें शाहरुख खान, श्रेया घोषाल, दिशा पाटनी और करण औजला जैसे कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति दी थी।

इस बार IPL 2026 का आगाज भले ही बिना भव्य समारोह के होगा, लेकिन इसे संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment