तेल अवीव/तेहरान: ईरान ने इज़रायल के उत्तरी शहर हाइफ़ा पर मिसाइल हमला कर बड़ा नुकसान पहुंचाया है। इस हमले में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दो अन्य लोगों के लापता होने की सूचना है। हमले के बाद मध्य इज़रायल के कई इलाकों में लगातार हवाई हमले के सायरन बज रहे हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
रविवार को ईरान की ओर से इज़रायल पर चार मिसाइलें दागी गईं। इनमें से एक शक्तिशाली मिसाइल हाइफ़ा स्थित एक अपार्टमेंट बिल्डिंग पर आ गिरी, जिससे इमारत का बड़ा हिस्सा ढह गया। जो हिस्सा बचा है, वह भी असंतुलित स्थिति में है और कभी भी गिर सकता है, जिससे राहत और बचाव कार्य काफी मुश्किल हो गया है।
राहत एवं बचाव दल पूरी रात मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटे रहे। सोमवार सुबह तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि दो लोगों की तलाश अभी जारी है। इज़रायली सेना ने आशंका जताई है कि ईरान की ओर से और मिसाइल हमले हो सकते हैं, जिसके चलते पूरे मध्य इज़रायल में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
हाइफ़ा, इज़रायल का तीसरा सबसे बड़ा शहर है, जो भूमध्य सागर के तट और माउंट कार्मेल की पहाड़ियों पर बसा है। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के कारण यह शहर अक्सर हमलों के निशाने पर रहता है। लेबनान सीमा के करीब होने की वजह से यह हिज़्बुल्लाह के रॉकेटों की जद में भी आता है।
अपार्टमेंट पर मिसाइल गिरने के बाद राहत कार्य जारी ही था कि एक और संभावित हमले की चेतावनी जारी की गई, जिसे बाद में हटा लिया गया। वहीं, सोमवार सुबह ईरान की ओर से तीन और मिसाइलें दागे जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें से अधिकांश को इज़रायल ने रास्ते में ही निष्क्रिय कर दिया, जबकि कुछ मिसाइलें खुले इलाकों में गिरीं।