इस्लामाबाद : इमरान खान से मुलाकात को लेकर अडियाला जेल के बाहर हंगामा, बहन अलीमा खान हिरासत में

Islamabad: Chaos outside Adiala Jail over meeting with Imran Khan; his sister Aleema Khan taken into custody.

इस्लामाबाद में पाकिस्तान की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से मुलाकात की अनुमति न मिलने पर अडियाला जेल के बाहर धरने पर बैठीं उनकी बहनों और समर्थकों पर देर रात पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान इमरान खान की बहन अलीमा खान को हिरासत में ले लिया गया, जबकि अन्य समर्थकों को हटाने के लिए पानी की बौछारों का सहारा लिया गया। भीषण ठंड में हुई इस कार्रवाई से हालात और तनावपूर्ण हो गए।

जानकारी के मुताबिक, अदालत के आदेश के अनुसार हर मंगलवार को इमरान खान के परिजनों को उनसे मुलाकात की इजाजत है। इसी आदेश के तहत उनकी बहनें अडियाला जेल पहुंची थीं। लेकिन जब प्रशासन ने मुलाकात की अनुमति नहीं दी तो उन्होंने जेल के बाहर ही धरना शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप किया और कार्रवाई के दौरान अलीमा खान को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल हिरासत की तस्वीरें केवल अलीमा खान की ही सामने आई हैं।

गिरफ्तारी के समय अलीमा खान ने सैन्य नेतृत्व और मौजूदा सत्ता प्रतिष्ठान पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक नागरिक होने के नाते वहां मौजूद रहना उनका अधिकार है और जनता को उसके अधिकारों से वंचित नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हालात ऐसे बना दिए गए हैं कि आम लोगों के पास न तो अदालतों का सहारा बचा है और न ही कानून पर भरोसा। अलीमा खान ने चेतावनी दी कि अगर स्थिति नहीं बदली तो लोग अपने हक के लिए खुद सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।

इमरान खान की बहनों के साथ बड़ी संख्या में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के कार्यकर्ता भी जेल के बाहर मौजूद थे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और सेना के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की। समर्थकों का कहना था कि जिस तरह इमरान खान जेल के भीतर अपने रुख पर डटे हैं, उसी तरह वे भी उनके परिवार के साथ खड़े रहेंगे और अपना संघर्ष जारी रखेंगे।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment