जलपाईगुड़ी: बाढ़ पीड़ितों की मदद करने गए बीजेपी नेताओं पर TMC कार्यकर्ताओं का हमला, ममता सरकार पर उठे सवाल

Jalpaiguri: TMC workers attack BJP leaders who went to help flood victims, questions raised on Mamata government

जलपाईगुड़ी: पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में बाढ़ प्रभावितों को राहत सामग्री बांटने गए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेताओं पर हमले की घटना ने सियासी बवाल खड़ा कर दिया है। आरोप है कि मालदा उत्तर से बीजेपी सांसद खगेन मुर्मू और स्थानीय विधायक शंकर घोष पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं ने हमला किया। इस घटना के बाद बीजेपी ने ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला और राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।

यह घटना जलपाईगुड़ी के नागराकाटा क्षेत्र में हुई, जहां सांसद खगेन मुर्मू और विधायक शंकर घोष बाढ़ के बाद की स्थिति का जायजा लेने और पीड़ितों को राहत सामग्री बांटने पहुंचे थे। विधायक शंकर घोष ने आरोप लगाया कि जब वे बाढ़ पीड़ितों की मदद कर रहे थे, तभी उन पर और सांसद पर हमला किया गया।

बीजेपी आईटी विंग के प्रमुख अमित मालवीय ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा, “मालदा उत्तर से दो बार के सांसद खगेन मुर्मू पर उस समय तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने हमला किया, जब वे जलपाईगुड़ी के दुआर्स क्षेत्र के नागराकाटा में बाढ़ पीड़ितों की मदद करने गए थे। जो लोग वास्तव में जनता की सेवा कर रहे हैं, उन पर हमला हो रहा है। यही है तृणमूल कांग्रेस का बंगाल, जहां क्रूरता हावी है।”

वहीं, विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “ममता बनर्जी पूरी तरह से घबराई हुई हैं। बीजेपी के सांसद और विधायक बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, जो उन्हें बर्दाश्त नहीं हो रहा।”

खगेन मुर्मू, जो मालदा उत्तर से दो बार के सांसद हैं, 2019 में बीजेपी में शामिल होने से पहले मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सदस्य थे और हबीबपुर से विधायक रह चुके हैं। इस हमले ने एक बार फिर राज्य में बीजेपी और टीएमसी के बीच राजनीतिक तनाव को बढ़ा दिया है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment