नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों को लेकर लंबा इंतजार आज, सोमवार (6 अक्टूबर) को समाप्त होने जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग आज शाम 4 बजे दिल्ली के विज्ञान भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर चुनाव तारीखों की घोषणा करेगा। इस घोषणा के साथ ही बिहार में आदर्श आचार संहिता भी प्रभावी हो जाएगी।
वर्तमान 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर, 2025 को खत्म होगा। इससे पहले, राज्य के प्रमुख राजनीतिक दलों ने चुनाव आयोग से अनुरोध किया था कि मतदान छठ महापर्व (25 से 28 अक्टूबर) के बाद कराया जाए। उनका कहना था कि त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में प्रवासी बिहारी अपने घर लौटते हैं, जिससे मतदान प्रतिशत बढ़ सकता है।
चुनाव की तारीखों की घोषणा से पहले, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त एस.एस. संधू व विवेक जोशी ने पटना का दो दिवसीय दौरा किया। इस दौरान आयोग ने तैयारियों की समीक्षा की और 6 राष्ट्रीय व 6 राज्य स्तरीय दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनके सुझाव लिए। दलों ने आयोग के उस निर्णय की प्रशंसा की, जिसमें मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या 1500 से घटाकर 1200 की गई है। इससे मतदान के दिन भीड़ को नियंत्रित करने में आसानी होगी।
आयोग ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था, ईवीएम प्रबंधन और मतदाता जागरूकता जैसे मुद्दों पर भी गहन चर्चा की। साथ ही, सभी जिला अधिकारियों को सोशल मीडिया पर फर्जी खबरों पर कड़ी निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।